पितामह कान्हा सिंह राजकीय महाविद्यालय कनीना में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह
कनीना, 15 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
पितामह कान्हा सिंह राजकीय महाविद्यालय कनीना में शुक्रवार को 79 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की और ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली।
मुख्य अतिथि ने शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आज भारत केवल सांस्कृतिक और सैन्य शक्ति में ही नहीं, बल्कि आर्थिक शक्ति के रूप में भी दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। 11 वर्ष पहले भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 14वें स्थान पर थी, वो आज चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है। प्रधानमंत्री के निरंतर प्रयासों से तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर हम तेजी से अग्रसर हैं। सरकार का प्रयास है कि हरियाणा को न केवल हरा-भरा बनाया जाए बल्कि स्वच्छ और संदर बनाने का भी संकल्प लिया है। वन महोत्सव के माध्यम से प्रदेश में वृक्षारोपण किया जा रहा है। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रदेश में 2 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जाएंगे।
सरकार ने गांवों में कूड़े-कचरे के निपटान के लिए ठोस और तरल कचरा प्रबंधन परियोजनाएं शुरू की हैं। भूजल के रिचार्ज के लिए 2 हजार 88 अमृत सरोवर बनाये गये हैं।
कार्यक्रम में प्रेड की टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया और विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, कविताएं और नाट्य प्रस्तुतियां देकर स्वतंत्रता, एकता और राष्ट्रीय गौरव की अद्भुत झलक प्रस्तुत की।

मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को इनाम और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर एसडीएम डॉ जितेंद्र सिंह, पूर्व विधायक सीताराम यादव, नगरपालिका प्रधान रिम्पी कुमारी, तहसीलदार पायल, नायब तहसीलदार दलबीर सिंह दुग्गल, पंचायत समिति चेयरमैन जयप्रकाश, नगरपालिका सचिव कपिल, जिला पार्षद अजीत तंवर, खंड शिक्षा अधिकारी दिलबाग सिंह, प्राचार्य नरेश कुमार कौशिक, प्राचार्य सुनील खुडानियां, प्रोफेसर हरिओम, एसएमओ डॉ. रेणु वर्मा, पवन खैरवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
#newsharyana
