विधायक ओमप्रकाश यादव ने महेंद्रगढ़ में ध्वजारोहण कर ली मार्च पास्ट की सलामी

पुलिस, कॉलेज और स्कूली बच्चों ने परेड व मार्च पास्ट का किया शानदार प्रदर्शन

महेंद्रगढ़, 15 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।

स्थानीय मॉडल संस्कृति राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में देश की आजादी के पर्व 79 वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए और ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। इससे पहले मुख्य अतिथि ने शहीद स्मारक व महान योद्धाओं के स्मारक पर पहुंचकर देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रदद्धांजलि दी। इस दौरान पूर्व मंत्री रामविलास शर्मा और एसडीएम कनिका गोयल (आईएएस) भी उपस्थित रहे।
प्रेड निरीक्षण के बाद मुख्य अतिथि ओमप्रकाश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हम उन ज्ञात-अज्ञात शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिन्होंने आज़ादी से पहले और बाद में, भारत की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।
उन्होंने कहा कि जब-जब दुश्मन ने भारत की अस्मिता पर चोट पहुंचाने का प्रयास किया है, तब-तब हमारे देश के जवानों ने दुश्मन को करारा जवाब देने का काम किया है।
हाल ही में पूरी दुनिया ने देखा कि किस प्रकार 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में आतंकवादियों ने निर्दोष लोगों को मौत के घाट उतार दिया। यह केवल नागरिकों पर एक आतंकी हमला नहीं था, बल्कि भारत की आत्मा पर किया गया एक दुस्साहसपूर्ण प्रहार था। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने इस घटना के तुरंत बाद स्पष्ट शब्दों में कहा था कि भारत आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर चलेगा और इस हमले के पीछे जो भी हैं, उन्हें उनकी कल्पना से भी अधिक कठोर सजा देगा।

मुख्य अतिथि ने कहा कि सरकार ने शहीदों के परिवारों के सम्मान और भलाई को हमेशा पहली प्राथमिकता दी है। जो जवान देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए, उनके एक आश्रित को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दे रही है। अक्तूबर 2014 से जून 2025 तक, 410 शहीदों के आश्रितों को नौकरी दी गई है। माननीय मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन की सरकार हरियाणा को नई ऊंचाईयों पर ले जा रही है।
हरियाणा में 5 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य भी रखा है। अब तक 2 लाख 13 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है।
युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए हमारी सरकार ने योग युक्त- नशा मुक्त अभियान चलाया, जिसमें लाखों युवाओं ने भाग लेकर नशे से दूर रहने का संकल्प लिया है। मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि हमारी सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास को अपनाते हुए समाज के सभी वर्गों के लिए कल्याण पर ध्यान दिया है।
मुख्य अतिथि ओमप्रकाश यादव ने समारोह में उपस्थित स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों की वीरांगनाओं और परिजनों को साल भेंट करके सम्मानित किया और वीरता पुरस्कार व सेना मेडल धारक सैनिकों को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों व प्रमुख समाज सेवियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया । एसडीएम कनिका गोयल ने मुख्य अतिथि ओमप्रकाश यादव व पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने पीटी व डम्बल शो, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, परेड व मार्च पास्ट सहित अन्य गतिविधियों का शानदार प्रदर्शन किया। मार्च पास्ट में हरियाणा पुलिस, राजकीय महाविद्यालय , आरपीएस स्कूल, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल, मॉडर्न स्कूल, राव जयराम स्कूल, विजय इंटरनेशनल स्कूल, श्री कृष्णा स्कूल, शरबती स्कूल की टुकड़ियों व हैप्पी स्कूल के बैंड ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद पी टी शो में मॉडल संस्कृति राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महेंद्रगढ़ व डम्बल शो राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सभी कार्यक्रम देशभक्ति से ओतप्रोत सहित प्रेरणादायक एवं शिक्षाप्रद रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आरपीएस स्कूल,नेशनल मॉडल स्कूल, श्री कृष्णा स्कूल, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल, यदुवंशी शिक्षा निकेतन स्कूल, एसपीजी इंटरनेशनल स्कूल, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, विजय इंटरनेशनल स्कूल व मॉडर्न स्कूल ने मनमोहक व देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतिया दी।
समारोह में डीएसपी दिनेश कुमार, तहसीलदार अजय कुमार, नगर पालिका सचिव गौरव कुमार , नायब तहसीलदार निशा, बीईओ अलका, पंचायत समिति अध्यक्ष विजयलक्ष्मी, जिला कष्ट निवारण समिति सदस्य विवेक यादव, ब्लॉक समिति वाइस चेयरमैन प्रवीण, व्यापार मंडल प्रधान किशन वशिष्ट मौजूद थे।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top