सरकार लगातार जनकल्याण के कार्यों में लगी : आरती सिंह राव
गांव में भी बुनियादी ढांचे को मजबूत करना सरकार का लक्ष्य
कनीना, 18 अगस्त(परमजीत सिंह/ब्यूरो)।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही हरियाणा सरकार लगातार जनकल्याण के कार्यों में लगी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में ढांचागत सुविधाओं पर फोकस किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री आज कनीना क्षेत्र के गांव गाहड़ा तथा सिहोर में जनसभाओं को संबोधित कर रहीं थी। इस मौके पर उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि गांवों के निवासियों के जीवन स्तर को सुधारना और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना सरकार का लक्ष्य है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। नागरिक अस्पतालों से लेकर स्वास्थ्य केंद्रों तक सभी प्रकार की सुविधा मुहैया करवाई जा रही हैं।
इन जनसभाओं के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कनीना में आर एस वाटिका में आम नागरिकों की शिकायतों को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

इस मौक़े पर एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार, डीडीपीओ हरिप्रकाश बंसल, तहसीलदार पायल, नगरपालिका प्रधान रिम्पी कुमारी, ब्लॉक समिति चेयरमैन जयप्रकाश, अटेली नगरपालिका चेयरमैन संजय गोयल, कंवर सिंह कलवाड़ी, विक्रम सरपंच, विकास चेयरमैन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
गाहड़ा गांव में हुए प्रमुख विकास कार्य:–
- गाहड़ा से धनौंदा रास्ते का निर्माण।
- गाहड़ा से उन्हाणी रास्ते का निर्माण।
- गाहड़ा से कोटिया रास्ते का निर्माण।
- बच्चों और युवाओं के लिए जिम का सामान पास किया गया।
- नहर से लेकर देवेंद्र पुत्र नौरंग लाल के खेत तक रास्ते का निर्माण।
- नहर से लेकर मंजीत पुत्र वेदपाल के खेत तक रास्ते का निर्माण।
- कनीना से बाघोत तक (वाया गाहड़ा – सिहोर) रोड का निर्माण जल्द शुरू करवाया जाएगा।
सिहोर गांव में हुए प्रमुख विकास कार्य :–
- खेल के मैदान में तीन शेड लगवाए गए।
- बीपीएल कॉलोनी में तीन गलियों को पक्का करवाया गया।
- धर्मपाल के घर से मोहर सिंह के प्लॉट तक रास्ते का निर्माण।
- पीडब्ल्यूडी रोड कनीना गाहड़ा सिहोर बहुत जल्दी बनवाया जाएगा।
- एससी चौपाल में ट्यूबवेल लगवाया गया।
- सिहोर से कनीना वाया मानका की बनी से होते हुए रास्ता जल्दी बनवाया जाएगा।
- सिहोर से धनौंदा रास्ता जल्दी बनवाया जाएगा।
- पीने के पानी के लिए 4 वाटर कूलर लगवाए गए।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कनीना में सुनीं जन समस्याएं
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने आज कनीना के आर एस वाटिका में एक जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने कनीना और आसपास के क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। इस कार्यक्रम में कुल 130 नागरिकों ने अपनी शिकायतें और सुझाव प्रस्तुत किए, जिनमें स्वास्थ्य, विकास और प्रशासनिक मुद्दों से संबंधित मामले शामिल थे।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित कर रही है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। जन सुनवाई जैसे कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं, जहां हम सीधे जनता से जुड़कर उनकी वास्तविक ज़रूरतों को समझ सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लें और समयबद्ध तरीके से उनका समाधान करें।
मंत्री ने यह भी बताया कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि सभी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
इस जन सुनवाई कार्यक्रम में एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
#newsharyana
