महाविद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से दी नशा मुक्त समाज की सीख

विद्यार्थी समाज को नशा मुक्त बनाने में निभाएँ महत्वपूर्ण भूमिका – प्रो. डॉ. पूर्ण प्रभा

महेंद्रगढ़, 20 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।

राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में “नशा मुक्त भारत एवं हरियाणा अभियान” के अंतर्गत महाविद्यालय स्तर पर एक भव्य पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाज में नशा मुक्ति का संदेश अपने सृजनात्मक पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी एवं महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. पूर्ण प्रभा द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा आज की युवा पीढ़ी के सामने सबसे बड़ी चुनौती है, जो न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचाता है बल्कि जीवन और परिवार को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाएँ और समाज को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन नशा मुक्ति अभियान के महाविद्यालय प्रभारी प्रो. जितेंद्र कुमार वशिष्ठ एवं डॉ. विकास गुप्ता के कुशल निर्देशन में किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों और रचनात्मक विचारों से अपने पोस्टरों में संदेश दिया कि नशा एक सामाजिक अभिशाप है और इसे दूर करने के लिए हर वर्ग को प्रयास करना चाहिए।

परिणामों की घोषणा करते हुए बताया गया कि बी.एससी. मेडिकल प्रथम वर्ष की छात्रा सानिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, मुस्कान द्वितीय स्थान पर रहीं और नेहा ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता विद्यार्थियों को महाविद्यालय की प्राचार्य द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में प्राचार्य प्रो. डॉ. पूर्ण प्रभा ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों को रचनात्मक मंच प्रदान करती हैं और उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना की और कहा कि नशा मुक्त समाज की दिशा में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के समापन पर अभियान प्रभारी ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ आगे भी महाविद्यालय स्तर पर लगातार आयोजित की जाएँगी, जिससे विद्यार्थी समाज में जागरूकता फैलाने में योगदान दे सकें।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top