महेंद्रगढ़ 20 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ के निर्देश पर महेंद्रगढ़ पुलिस ने आम जनता को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया हुआ है। इस अभियान के तहत पुलिस की एक गठित टीम गांव-गांव जाकर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक कर रही है।
पुलिस टीम ने आज कनीना के गांव कलवाड़ी और नांगल मोहनपुर का दौरा किया। इस दौरान टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर नशे से होने वाले नुकसान पर चर्चा की। निरीक्षक शारदा ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को खराब करता है, बल्कि इसके शारीरिक, आर्थिक और सामाजिक स्तर पर भी गंभीर परिणाम होते हैं।
इस अभियान के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे नशे के कारोबार में लिप्त नशा तस्करों की सूचना पुलिस को दें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि जो लोग नशे की लत में फंस चुके हैं, उनकी जानकारी भी पुलिस को दी जाए। ऐसे लोगों की काउंसलिंग कराकर उन्हें मुख्य धारा में जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, और नशा छोड़ने में उनकी हर संभव मदद की जाएगी।
पुलिस टीम ने लोगों को समझाया कि नशे की लत से शरीर कमजोर होता है, बीमारियों का खतरा बढ़ता है और व्यक्ति की सोचने-समझने की शक्ति कम हो जाती है। इसके अलावा, नशा करने वाला व्यक्ति अपने परिवार और समाज पर एक बड़ा बोझ बन जाता है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे से दूर रहने और एक स्वस्थ व खुशहाल जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है।
#newsharyana
