महेंद्रगढ़ 20 अगस्त (परमजीत सिंह/कुणाल सिंह)।
यदुवंशी स्कूल महेन्द्रगढ़ में पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न राजीव गांधी जी की जयंती के उपलक्ष्य में सद्भावना दिवस बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों ने निबंध-लेखन, कविता-गान, पोस्टर मेकिंग आदि गतिविधियों के माध्यम से सद्भावना, राष्ट्रीय एकता और भाई-चारे का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने शपथ ली कि वे समाज में शांति, अहिंसा और सद्भाव बनाए रखने के लिए सदैव कार्य करेंगे। सद्भावना दिवस ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सहयोग की भावना को और मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य पवन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि राजीव गांधी जी का सपना एक ऐसा भारत था जहां जाति, धर्म और भाषा के आधार पर कोई भेदभाव न हो। हमें उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। सद्भावना ही सच्ची प्रगति का आधार है।
ग्रुप के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के समय में हमें सबसे ज्यादा जरूरत आपसी भाईचारे और एकता की है। विद्यार्थी ही देश का भविष्य है, इसलिए आप सभी समाज में प्रेम, शांति और सद्भाव फैलाने में अग्रणी भूमिका निभाएगें।
वाइस चेयरमैन एडवोकेट कर्ण सिंह यादव, वाइस चेयरपर्सन संगीता यादव, ग्रुप निदेशक विजय सिंह यादव, फाउंडर डायरेक्टर डॉ. राजेन्द्र सिंह यादव ने सभी विद्यार्थियों को भाई-चारे, प्यार एवं सद्भावना के लिए प्रेरित किया।
#newsharyana
