महेंद्रगढ़, 21 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
पीएचसी धनौंदा में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया एवं डेंगू उन्मूलन के प्रति जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य निरीक्षक पवन कुमार, (एमपीएचडब्ल्यू) राजेश कुमार, एएनएम सरला देवी सहित समस्त आशा कार्यकर्ता भी उपस्थित रही। शिविर के दौरान ग्रामीणों को मलेरिया एवं डेंगू जैसी जानलेवा बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य निरीक्षक पवन कुमार ने बताया कि मलेरिया और डेंगू मच्छरों के काटने से फैलते हैं, जो खड़े हुए व साफ पानी में पनपते हैं। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि यदि तेज बुखार, सिर दर्द, कंपकपी, उल्टी, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द, आंखों में जलन जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जांच करवानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों में मलेरिया एवं डेंगू की जांच पूरी तरह निशुल्क की जाती है। बरसात के मौसम में इन बीमारियों के पनपने की संभावना अधिक रहती है, इसलिए हर व्यक्ति को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए और अपने परिवार को मलेरिया एवं डेंगू से सुरक्षित रखने के लिए सतर्क रहना चाहिए।
#newsharyana
