किसान योजनाओं का लाभ लेने व फसल बीमा के लिए पोर्टल पर करवाएं पंजीकरण
महेंद्रगढ़, 26 अगस्त (परमजीत सिंह/कुणाल सिंह)।
हरियाणा सरकार की ओर से मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर खरीफ फसलों का पंजीकरण किया जा रहा है। सरकार द्वारा पंजीकरण के लिए निर्धारित अंतिम तिथि 31 अगस्त है, ऐसे में जिन किसानों ने अभी तक खरीफ फसलों का पंजीकरण नहीं करवाया है, वह 31 अगस्त तक पंजीकरण करवा सकते हैं।
एसडीएम कनिका गोयल (आईएएस) ने जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसान का पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। पोर्टल पर पंजीकृत किसान से ही केवल फसल खरीदी जाएगी। ऐसे में किसान को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने व फसलों को सरकार द्वारा निर्धारित दाम पर बेचने के लिए जरूरी है कि जिला के किसान पोर्टल पर अपनी बोई गई खरीफ फसल का ब्यौरा दर्ज कराने का पंजीकरण अवश्य करवाएं। किसान की ओर से पोर्टल पर दर्शाई गई फसल का भौतिक सत्यापन भी करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार के पास सभी किसानों का ब्योरा आने के बाद उन्हें मंडी में बुलाना आसान हो जाता है। किसानों के मोबाइल फोन नंबर पर मैसेज भेजकर उन्हें मंडी में किस दिन व किस वक्त आना है, की जानकारी प्रदान की जाती है। उन्होंने जिला के किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि जो किसान अपने खेतों में खरीफ फसलों की बुवाई कर चुके हैं। वे उपरोक्त पोर्टल पर अपनी फसलों का पंजीकरण अवश्य करा लें।
एसडीएम ने बताया कि फसलों का पंजीकरण करवाने के लिए संबंधित किसान के पास परिवार पहचान पत्र का होना अनिवार्य है। किसान कोई जानकारी प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-2117 पर संपर्क कर सकते हैं। फसलों का पंजीकरण https://fasal.haryana.gov.in पोर्टल पर किया जा सकता है।
#newsharyana
